ई-पीएचसी से 4157 ने उठाया स्वास्थ्य लाभ
खुनियांव ब्लॉक के मधवापुर कला में ई-पीएचसी संचालित
प्रदेश के दस जनपदों में दी जा रही ई-पीएचसी की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले के खुनियांव ब्लॉक के मधवापुर कला गांव में डिजिटल सेवा के जरिए चल रहे ई-पीएचसी से अब तक 4157 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ उठाया है। स्वास्थ्य महकमा प्रदेश के दस जिलों में ई-पीएचसी की सुविधा दे रहा है। इसमें मरीजों को उपचार देने में चंदौली प्रथम स्थान पर है।
सुदूर इलाकों में मरीजों को निशुल्क सुविधा देने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुनियांव में शुरू ई-पीएचसी पर जिले में 4157 लोगों ने इलाज करवाया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईवी विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में ई-पीएचसी के जरिए स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिक से अधिक मरीज लाभ लें, इसके लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। लाभार्थी खुनियांव ब्लॉक क्षेत्र के होल्लापुर गांव निवासी सूर्यनाथ ने बताया कि गले में दिक्कत होने पर वह मधवापुर ई-पीएचसी गए। डिजिटल सेवा के जरिए स्वास्थ्य लाभ लिया। अब वह पूरी तरह से ठीक हैं। इसी तरह बिड़रा गांव निवासी शिवनाथ भी ई-पीएचसी से मिले लाभ के बाद स्वस्थ हुए हैं।