सीएम को भ्रमित करने का काम कर रहे अधिकारी
- आदेश के बावजूद नहीं हुआ बांध की मरम्मत
- शोहरतगढ़ विधायक ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाया
- बाढ़ प्रभावित खैरी शीतल प्रसाद गांव का विधायक ने किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
शोहरतगढ़। क्षेत्रीय विधायक चौधरी अमर सिंह ने रविवार को बढ़नी ब्लॉक के बाढ़ से हर वर्ष प्रभावित होने वाले खैरी शीतल प्रसाद गांव के निकट बूढ़ी राप्ती नदी के कटान का निरीक्षण किया।
उन्होंने इस दौरान गांव के लोगों के साथ प्राथमिक विद्यालय पर बैठक कर उनकी समस्या को भी सुना। उन्होंने पत्रकारवार्ता में कहा किउन्होंने बाढ़ से बचाव के लिए दस ठोकर बनाने की मांग मुख्यमंत्री व सिंचाई मंत्री से भी किया। मगर धन न मिलने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ तो विभाग के अधिकारी बाढ़ प्रभावित गांवों में करते कुछ नहीं वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री व सिंचाई मंत्री को दिग्भ्रमित भी करते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी मांग पर मुंहचुरवा घाट से दलपतपुर-परसोहन तक बांध की स्वीकृति सरकार से मिल गई है। बस धन आ जाए बांध बन जाएगा। उन्होंने कहा कि अपने विधायक निधि से दस नावों को बनवा रहे हैं जिससे बाढ़ से पीड़ित लोगों की कुछ मदद हो सके। वहीं, बबलू यादव, जगदीश, बहादुर गौतम आदि लोग मौजूद थे।