विवि सभागार में कुलपति की अध्यक्षता में हुई बैठक
- फोटो : अमर उजाला
बर्डपुर (सिद्धार्थनगर)। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में बौद्ध अध्ययन केंद्र खोलने की प्रक्रिया तेज हो गई है। शुक्रवार को कुलपति की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में हुई बैठक में इस संबंध में विचार-विमर्श किया गया। गौरतलब है कि शासन की ओर से इंटरनेशनल बुद्धिस्ट सेंटर तथा सेंटर फॉर एक्सिलेंस इन हिन्दुइज्म, बुद्धिज्म एंड जर्नलिज्म के रूप में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध अध्ययन केंद्र की स्थापना की मंजूरी मिल चुकी है।
विद्या परिषद की बैठक में 28 मई को सिद्धार्थ विवि में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध अध्ययन केंद्र स्थापना करने का निर्णय लिया गया था। इस संबंध में कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे ने शासन में मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेजा था। शासन ने प्रस्ताव को हरी झंडी देने से पहले इसे अनुमोदन के लिए कार्यपरिषद के पास भेजा। कार्यपरिषद की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक में कार्य परिषद के सदस्य पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, कुलसचिव उदय प्रताप सिंह, परीक्षा नियंत्रक व्यास नारायण सिंह, वित्त अधिकारी विनोद कुमार, प्रो. डीएन यादव, डॉ. एसपी सिंह आदि मौजूद रहे।
विद्यार्थियों के लिए चलाई जाएंगी बस
छात्रों की सुविधा के लिए विवि प्रशासन ने बस चलाने का निर्णय लिया है। कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में संचालित बीकॉम, एमकॉम व एमए हिंदी व अर्थशास्त्र के विद्यार्थियों के अलावा कर्मचारियों के लिए बस चलाई जाएगी। बस जिला मुख्यालय सिद्धार्थनगर से कपिलवस्तु तक दिन में दो चक्कर लगाएगी। कुलपति ने बताया कि बस खरीद की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शासन से भी अनुमति मिल गई है।