चार पैथालॉजी और दो मेडिकल स्टोर सीज
एसडीएम ने बेंवा सीएचसी गेट पर स्थित दुकानों की जांच की
सहायक कमिश्नर ड्रग बस्ती मंडल, मेडिकल इंस्पेक्टर बस्ती पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
डुमरियागंज/बेंवा। सहायक कमिश्नर ड्रग बस्ती व एसडीएम डुमरियागंज और इंस्पेक्टर ड्रग की संयुक्त टीम ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बेंवा के निकट संचालित मेडिकल स्टोर व पैथालॉजी सेंटरों की जांच की गई। बिना मानक का मिलने पर चार पैथालॉजी और दो मेडिकल स्टोर सीज कर दिया। जांच रिपोर्ट डीएम को भेजने की बात कही है।
शनिवार की दोपहर में सहायक कमिश्नर ड्रग बस्ती मंडल एजाज अहमद तथा सीमा वर्मा ड्रग इंस्पेक्टर बस्ती के साथ एसडीएम त्रिभुवन बेंवा सीएचसी के गेट पर पहुंचे। पैथालॉजी व मेडिकल स्टोरों की जांच की गई। जांच में गुलाब पैथालॉजी प्रोपराइटर अब्दुल मजीद, गुरुवर पैथालॉजी प्रोपराइटर मनोज कुमार, इंडियन मेडिकल स्टोर प्रोपराइटर राजू, स्टार पैथालॉजी प्रोपराइटर ऐनुल हक और सोनी मेडिकल स्टोर को कागजात के अभाव में सील किया गया। सील दुकानों की चाबी इंस्पेक्टर केडी सिंह को सुपुर्द कर दी गई। कार्रवाई में चार पैथालॉजी और दो मेडिकल स्टोर अवैध होने तथा रजिस्ट्रेशन नहीं होने के कारण सील कर दिया गया। अवैध मेडिकल स्टोर और पैथालॉजी पर जुर्माना लगाते हुए सुसंगत धाराओं में कार्रवाई के लिए डीएम और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को रिपोर्ट प्रेषित की गई है। डुमरियागंज एसडीएम त्रिभुवन ने बताया कि पूर्व में भी अवैध पैथालॉजी और मेडिकल सेंटरों की जांच की गई थी। मगर दुकानदार दुकानें बंद कर फरार हो गए थे। दोबारा मेडिकल अफसरों के साथ अवैध रूप से संचालित दुकानों पर छापेमारी की गई। चार पैथालॉजी और दो मेडिकल सेंटरों को कागजात के अभाव में सील कर रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है।
सीएमओ के निरीक्षण में कर्मचारी मिले अनुपस्थित
बर्डपुर सीएचसी पहुंचीं, मरीजों से मिल रहीं सुविधाओं पर बात की
अमर उजाला ब्यूरो
बर्डपुर। सीएमओ डॉ. सीमा राय ने शनिवार को बर्डपुर सीएचसी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। स्वास्थ्य सेवाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएमओ के औचक निरीक्षण में कुछ कर्मचारी अनुपस्थित भी मिले।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका चेक की। इसके बाद ओपीडी रजिस्टर देखा तथा अस्पताल में दवाएं, वैक्सीन आदि के स्टॉक के बारे में जानकारी ली। एंटी रैबीज वैक्सीन के संबंध में जानकारी हासिल की। गोल्डन कार्ड, कन्या सुमंगला योजना, जननी सुरक्षा, टीकाकरण आदि की प्रगति भी जानी। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में पूछताछ की। अस्पताल में सफाई की व्यवस्था को लेकर सीएचसी प्रभारी एवं स्टाफ की सराहना की। साथ ही अस्पताल की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चिकित्साधिकारी डॉ. महेश कुमार, डॉ. लोकनाथ यादव, लिपिक संजीव श्रीवास्तव, सूरज चौहान, राजकुमार और स्टाफ मौजूद रहा।