सिद्धार्थनगर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान जिले की मतदाता सूची से करीब 3.98 लाख नाम हटाए गए। इसके बाद विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में 1.66 लाख से अधिक नए मतदाता जुड़े हैं।
17 नवंबर को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में अब जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 17,29,886 मतदाता दर्ज हैं। हालांकि, एसआईआर से पहले की तुलना में अभी भी 2,31,986 मतदाता कम हैं। आंकड़ों के अनुसार, एसआईआर से पहले जिले में कुल 19,61,872 मतदाता थे। पुनरीक्षण के दौरान यह संख्या घटकर 15,62,972 रह गई थी। इसके बाद नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और अन्य संशोधनों के चलते संख्या 17,29,886 हो गई है।
16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम : 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावे-आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फार्म-06 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। एसआईआर से पहले सूची में नाम होने के बावजूद मौजूदा सूची में नाम नहीं मिलने वाले पात्र मतदाता भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय नाम, जन्मतिथि, पता, पिन कोड और हिंदी-अंग्रेजी की वर्तनी का सही मिलान जरूरी है। संवाद