शोहरतगढ़। विकास खंड बढ़नी स्थित युग कृष्णा गैस एजेंसी के भौतिक सत्यापन में स्टॉक में भी बड़ी गड़बड़ियां सामने आईं हैं। एजेंसी के गोदाम में 393 घरेलू सिलिंडर होने चाहिए थे लेकिन जांच के दौरान एक भी घरेलू सिलिंडर नहीं मिला।
वहीं, अन्य गड़बड़ियों के मद्देनजर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक (एलपीजी), गोरखपुर को पत्र भेजकर एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आईजीआरएस पोर्टल पर मंगल विश्वकर्मा, हरिओम चौधरी, ओमप्रकाश, सजरुन्निषा, रघुवेंद्र समेत कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की थी कि बुकिंग और डीएसी नंबर जारी होने के बाद भी उन्हें गैस सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं ने फर्जी डिलीवरी संदेश भेजने और निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि वसूलने का भी आरोप लगाया था।
शिकायतों के बाद क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक बढ़नी और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की संयुक्त टीम ने जांच की। जांच के दौरान 22 उपभोक्ताओं ने लिखित बयान देकर शिकायतों की पुष्टि की। जांच में सामने आया कि एजेंसी की ओर से होम डिलीवरी नहीं की जा रही थी। उपभोक्ताओं को रसीद नहीं दी जाती थी और पासबुक पर भी सिलिंडर वितरण का अंकन नहीं किया जा रहा था। कई मामलों में ऑनलाइन भुगतान भी स्वीकार नहीं किया जा रहा था।
ऑनलाइन रिकॉर्ड में 648 घरेलू सिलिंडर दर्ज थे, जिसमें 255 सिलिंडर दूसरी एजेंसी के बताए गए। ऐसे में एजेंसी के गोदाम में 393 घरेलू सिलिंडर होने चाहिए थे लेकिन जांच के दौरान एक भी घरेलू सिलिंडर नहीं मिला।
जांच में मिली अनियमितताओं को लेकर एजेंसी के सह-पार्टनर रवि प्रकाश श्रीवास्तव से जवाब मांगा गया लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। एजेंसी को पहले भी दो बार नोटिस जारी किया जा चुका है।