जनपद में कब्जा मुक्त होंगे 3832 चक मार्ग
तीन दिसंबर तक चलेगा अभियान, मनरेगा से पूरे जिले में हो रहा काम
किसानों को खेत में कृषि यंत्र ले जाने में होगी आसानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जनपद के चकमार्गों को कब्जामुक्त करने का अभियान शुरू हुआ है। तीन दिसंबर तक चलने वाले अभियान के तहत जिले के 3832 चक मार्ग विवाद रहित और कब्जा मुक्त हो सकेंगे। मनरेगा के अंतर्गत कार्य शुरू हो गया है। अब किसानों को अपने खेत से कृषि यंत्र और फसल ले जाने में दिक्कत नहीं होगी।
चक मार्गों के विवाद रहने समेत अवैध कब्जा के कारण किसानों को कृषि यंत्र और फसलों के ले जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जिलाधिकारी दीपक मीणा की पहल पर जिले में विकास खंड चक मार्गों का चिह्नीकरण कराया गया। उसे कब्जा मुक्त कराकर उस पर मनरेगा के तहत कार्य प्रारंभ हो चुका है। विकास खंड जोगिया के हरैया में मुख्य विकास अधिकारी पुलकित गर्ग ने एक चकमार्ग पर कुदाल चलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
सीडीओ ने बताया कि अभियान तीन दिसंबर तक चलेगा। विकास खंडवार चकमार्गों की कुल संख्या 3832 है। इनमें बांसी में 293, बढ़नी में 303, भनवापुर में 471, बर्डपुर में 95, डुमरियागंज में 459, इटवा में 311, जोगिया में 320, खेसरहा में 251, खुनियांव में 289, लोटन में 87, मिठवल में 251, नौगढ़ में 354, शोहरतगढ़ में 131, उसका बाजार में 207 चकमार्ग शामिल हैं। उपायुक्त श्रम रोजगार संजय वर्मा ने बताया कि चक मार्गों के कब्जा मुक्त होने से किसानों को काफी सहुलियत मिलेगी। इस कदम से आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में अभियान की सघन मॉनिटरिंग की जाएगी।
पांच चकरोड कब्जा मुक्त
डुमरियागंज। चकरोड मुक्ति अभियान तहत डुमरियागंज तहसील प्रशासन ने सोमवार को तीन गांव के पांच चकरोड कब्जा मुक्त कराया गया। दोबारा कब्जा पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। एसडीएम त्रिभुवन ने कहा कि राजस्व ग्राम चकमझारी, सागर रौजा व चकफत्ता गांव में पांच चकरोड का सीमांकन किया गया। पैमाइश के बाद चकरोड को कब्जे से मुक्त कराया गया। एसडीएम ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में चकरोड मुक्ति अभियान का शुरू किया गया। चकरोड को खाली करने का अभियान प्रत्येक ग्राम पंचायतों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी कौशलेश पांडेय और पुलिस टीम द्वारा जारी है। जिसको प्रत्येक दिन ग्राम पंचायत अधिकारीवार चकरोड खाली कराया जाएगा। तहसील डुमरियागंज तहत इस अभियान के दौरान 980 चकरोड सीमांकन कर कब्जा मुक्त कराया जाएगा। साथ में बीडीओ सुशील कुमार अग्रहरि, पुलिस टीम, राजस्व टीम मौजूद रही। संवाद