नेपाल के रूपनदेही जिले के बुटवल में चरस बरामदगी। स्रोत सोशल मीडिया
खुनुवां। नेपाल के रूपनदेही जिले के बुटवल स्थित नए बस पार्क से पुलिस ने 36 किलो चरस जैसा दिखने वाला मादक पदार्थ बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पाल्पा जिले की रामपुर नगरपालिका-9 निवासी लुक बहादुर रखाल (53) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में बुटवल उपमहानगरपालिका-11 के बुद्धनगर में रह रहा था। जिला अदालत ने मामले की जांच के लिए आरोपी को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में रखने की अनुमति दी है।
पुलिस के अनुसार, बुटवल उपमहानगरपालिका-9 स्थित नए बस पार्क में मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर इलाका पुलिस कार्यालय, बुटवल की टीम ने कार्रवाई की। तलाशी के दौरान संदिग्ध व्यक्ति के पास से 36 किलो चरस जैसा दिखने वाला पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को रूपनदेही जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने बुधवार को नेपाल के नारकोटिक्स कंट्रोल एक्ट, 2033 के तहत मामले की जांच और पूछताछ के लिए पांच दिन की हिरासत की अनुमति दी। पुलिस बरामद पदार्थ की जांच करने के साथ मामले के अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
मामले की जानकारी पुलिस के सूचना अधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण कुमार चंद ने दी।