विकास भवन में बैठक करते डीपीआरओ।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। तमाम प्रयासों व कोशिशों के बाद भी इज्जत घर के निर्माण में जिम्मेदारों की सुस्ती बरकरार है। लक्ष्य 86 हजार 124 के सापेक्ष अब तक सिर्फ 10 हजार 836 का निर्माण पूर्ण हुआ है, जो 12.58 प्रतिशत है। सबसे खराब स्थिति शोहरतगढ़ ब्लॉक की है। यहां 7131 के सापेक्ष 551 का ही निर्माण पूर्ण हुआ है। बहरहाल अभी भी 75 हजार परिवार इससे वंचित हैं। ऐसी ही सुस्ती रही तो छूटे हुए परिवारों के घर की इज्जत दूर की कौड़ी साबित होगी।
आमजन खासकर सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए सजगता के साथ ही सोच परिवर्तन के साथ हर घर में इज्जत घर यानि शौचालय का निर्माण काफी अहम माना जाता है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सर्वे बेस लाइन के तहत छूटे हुए 86 हजार 124 परिवारों में इज्जत घर का निर्माण कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूर्ण करने की तिथि 31 मार्च थी, बावजूद उपलब्धि 20 प्रतिशत से कम है। ऐसे में 12 अप्रैल 2019 तक की प्रगति रिपोर्ट के मुताबिक लक्ष्य के सापेक्ष 10 हजार 836 परिवारों के घरों में शौचालय का निर्माण पूर्ण होकर जीओ टैग हो सका। लिहाजा 75 हजार 288 परिवार ही लाभान्वित हो सके हैं। इस अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी व जिला पंचायत राज अधिकारी के स्तर से अलग-अलग समीक्षा करने के साथ ही सामूहिक रूप से भी की जाती है। इसके बाद भी सहायक विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत अधिकारियों के सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।
ब्लॉक लक्ष्य उपलब्धि
खुनियांव 3686 569
शोहरतगढ़ 7131 551
भनवापुर 5367 661
बर्डपुर 5439 625
मिठवल 4570 994
जोगिया 7833 1019
इटवा 8453 948
खेसरहा 7275 912
नौगढ़ 4798 733
उसका बाजार 5222 682
बढ़नी 4328 522
बांसी 6479 720
लोटन 4746 519
डुमरियागंज 10797 1381
शोहरतगढ़ के सचिव हुए तलब, हिदायत दी
बेस लाइन सर्वे में छूटे हुए परिवारों में इज्जत घर के निर्माण में पूरे जिले में सबसे खराब स्थिति वाले शोहरतगढ़ ब्लॉक के सभी सचिवों को तलब किया गया। शुक्रवार को विकास भवन स्थित पंचायती राज विभाग कार्यालय में समीक्षा बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने कड़ी हिदायत दी और भविष्य में सुधार न होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस मौके पर जिला समन्वयक अमित श्रीवास्तव व संजय तिवारी समेत सचिव राधेश्याम, सुभाष, जगजीवन, मनीष कुमार, अजय कुमार, बृजेश आदि की मौजूदगी रही।