सिद्धार्थनगर। शासन की मंशा के अनुरूप बिना मान्यता वाले शिक्षण संस्था पर शिकंजा कसने के क्रम में कोचिंग सेंटर के रजिस्ट्रेशन पर इंटर कॉलेज संचालित होने का मामला प्रकाश में आया है। यह मामला तब सामने आया जब पिछले दिनों प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक, वित्त एवं लेखाधिकारी ने दौरा कर स्कूलों का निरीक्षण किया। वहीं, एक स्कूल भी बिना मान्यता संचालित होते हुए मिला।
प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक व वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार ने गत दिनों शिकायत के आधार पर राम निवास चौरसिया इंटर कॉलेज मिठवल बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान बिना मान्यता कक्षाएं संचालित होती हुई मिलीं। कक्षा 9 में 14, कक्षा 10 में 37, कक्षा 11 में 27, कक्षा 12 में 21 बच्चे पढ़ते हुए पाए गए।
पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता है। साथ ही कोचिंग सेंटर के रजिस्ट्रेशन के आधार पर इंटर की कक्षाएं संचालित करने की बात बताई गई, जो नियमसंगत नहीं है। इसी प्रकार आर्याव्रत इंटर कॉलेज मिठवल बाजार के निरीक्षण में भी मान्यता संबंधी कोई अभिलेख नहीं मिले। दोनों स्कूलों के व्यवस्थापकों को नोटिस देते हुए स्पष्टीकरण तीन दिनों के भीतर देने का निर्देश दिया है। जवाब संतोषजनक न मिलने पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा जवाहर लाल नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज नौगढ़ व सिद्धार्थ शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज तेतरी बाजार के निरीक्षण में अध्यापक उपस्थित मिले जबकि विद्यार्थी नदारद थे।