स्टेशन रोड के एक लॉज में बैठक करते सभासद।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। नगर पालिका के सभासदों की बैठक मंगलवार को स्टेशन रोड स्थित लॉज में हुई। इसमें तय सदस्यों का कोरम पूरा किए बिना बोर्ड में बजट को पास करने पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त को पत्र प्रेेषित कर बैठक की कार्यवाही को रद्द करने की मांग की गई।
वक्ताओं ने कहा कि निकाय के अधिकांश सदस्यों को बोर्ड बैठक की पूर्व संध्या पर एजेंडा दिया गया। इसमें भी बजट से जुड़ी जानकारी नहीं थी। बैठक में करीब 15 सभासद भी उपस्थित हो पाए, जबकि कोरम पूरा करने के लिए 17 सदस्यों की उपस्थिति जरूरी है। बावजूद बोर्ड की बैठक सभासदों के प्रतिनिधियों को बैठाकर संचालित की गई। जिला योजना समिति के सदस्य पद पर भी इस निकाय के एक भी सदस्य उम्मीदवार हैं।
ऐसे में बैठक का आयोजन सही नहीं है। सभासदों ने कहा कि बोर्ड बैठक की जो कार्यवाही दर्शाई गई है, उसमें 15 सदस्यों की उपस्थिति है, जबकि 14 सदस्य सदन के बाहर थे। ऐसे में बैठक नियमसंगत नहीं है। बैठक में फतेह बहादुर सिंह, सनवर अली, धनंजय सहाय, अनीता, साजिद अली, अजहर हुसैन, शशि श्रीवास्तव, याकूब हाशमी, अतहर हुसैन, सूरज, नबीला खातून, सलमा खातून, आसमा, मो.जावेद आदि रहे।