चिल्हिया (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के सिसहनिया गांव में ससुराल गई महिला को मारने-पीटने का मामला सामने आया है। महिला का शोहरतगढ़ सीएचसी में उपचार चल रहा है। महिला का आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुराल वाले घर में नहीं रहने दे रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर 12 टोला लक्ष्मीनगर निवासी नसरीन की शादी क्षेत्र के सिसहनिया गांव निवासी सरफराज उर्फ बबलू के साथ हुई थी। नसरीन के मुताबिक उसके पति की मौत 31 मई 2014 को मारपीट में हो गई थी। उसके पास पांच वर्ष व दो वर्ष की बेटी भी है। नसरीन का आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुरावालों के तंग करने के कारण वह अपने मायका लक्ष्मीनगर में रह रही थी। मामला पुलिस व पंचायत तक पहुंचने के बाद खेत का कुछ हिस्सा देने का फैसला हुआ था, लेकिन बाद में इससे भी मुकर गए। शुक्रवार की शाम भाई के साथ ससुराल गई थी। शनिवार की सुबह ससुराल के लोगों ने मारपीट कर अधमरा कर दिया और मौके से भाग गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष अरविंद कोरी ने बताया कि मामला संज्ञान में है, महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया गया है। तहरीर मिली है, आरोपियों खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।