सिद्धार्थनगर। सड़क का कीचड़ और फिसलन शुक्रवार को एक युवक की मौत का कारण बन गई। तेज रफ्तार में आ रहा बाइक सवार युवक सड़क पर फिसलने से पास स्थित पोखरे में जा गिरा। डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद बाइक व शव को पोखरे से बाहर निकाला गया। घटना नगर के बेलसड़ मोहल्ले की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इंदिरानगर मोहल्ला निवासी अमरेंद्र पांडेय का पुत्र राजकुमार (26) शुक्रवार की शाम सिसहनिया से बेलसड़ होते हुए ब्लॉक कार्यालय की ओर आ रहा था। बेलसड़ कोठी के पास सड़क पर कीचड़ व फिसलन होने से बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक समेत युवक सड़क से सटे पोखरे में गिर गया। आस-पास मौजूद लोग शोर-गुल मचाते हुए पोखरे की ओर दौड़ पड़े, तब तक युवक बाइक समेत पोखरे में समा चुका था। काफी खोजबीन के बाद पोखरे से बाइक को बाहर निकाला गया। मोहल्ले के लोग पोखरे में उतरकर डूबे युवक की तलाश में जुटे रहे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पोखरे से युवक का शव बाहर निकाला जा सका। उसकी शिनाख्त के बाद पुलिस ने सूचना परिजनों को दी। सीओ दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छानबीन की जा रही है। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार को दिन में भी दो लोग फिसल गए थे। एक बुजुर्ग तो साइकिल समेत पोखरे में चला गया, लेकिन कुछ ही देर में वह तैर कर बाहर आ गया। एक युवक भी सड़क पर फिसल गया था।
बाउंड्री होती तो न जाती युवक की जान
कीचड़ से सनी सड़क पर फिसलने से पोखरे में बाइक समेत युवक के डूबने की घटना से लोगों में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ गुस्सा है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि सड़क से ठीक सटे पोखरे की बाउंड्री के लिए कई बार नगर पालिका के जिम्मेदारों से कहा गया, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। न तो सड़क बनवाई जा रही है और न ही बाउंड्री कराई गई। सड़क से ठीक सटा पोखरा होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। अगर बाउंड्री होती तो राजकुमार की जान नहीं जाती।