सिद्धार्थनगर। पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों में मनमानी वसूली, जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी और अस्पतालों से गठजोड़ की शिकायतों पर शासन ने सख्ती दिखाई है। शासन के निर्देश पर जिले के 311 पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों की जांच कराई जाएगी। एक माह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट भेजनी होगी।
महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. पवन कुमार अरोड़ा ने इस संबंध में सीएमओ को पत्र भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिले के 230 निजी अस्पतालों में संचालित पैथोलॉजी लैब और 81 अलग से पंजीकृत लैब जांच के दायरे में आएंगी।
सीएमओ की ओर से तहसीलवार जांच टीमें गठित की जाएंगी। इनमें एसडीएम, सीओ, विशेषज्ञ चिकित्सक और पैथोलॉजिस्ट शामिल होंगे। टीमें केंद्रों के पंजीकरण, जांच मशीनों, उपकरणों, कर्मचारियों की शैक्षिक योग्यता और तकनीकी प्रशिक्षण से जुड़े अभिलेखों की जांच करेंगी। साथ ही जांच की गुणवत्ता और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया भी परखी जाएगी।
शिकायतें हैं कि कुछ केंद्रों पर अप्रशिक्षित कर्मचारियों से जांच कराई जाती है और मरीजों से मनमानी रकम वसूली जाती है। जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित केंद्र के खिलाफ लाइसेंस निरस्त करने समेत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।