डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार तीन की मौत
भवानीगंज थाना क्षेत्र के खुनखुन चौराहे पर हुआ हादसा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
भवानीगंज/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र के बेवां-उतरौला मार्ग पर स्थित खुनखुन चौराहे के पास डीसीएम ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं सहित तीन की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीसीएम सहित चालक पुलिस के कब्जे में है।
बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र के तपसी गांव निवासी उमेश (40), गुड़िया (42), सुनीता देवी (50) पत्नी टिकरी बृहस्पतिवार को एक बाइक पर बैठकार होकर भवानीगंज थाना क्षेत्र के चौरा बनगवां गांव में रिश्तेदारी में आए थे। मिलने के बाद दोपहर में वह घर लौट रहे थे। अभी क्षेत्र के बेवां-उतरौला मार्ग पर स्थित खुनखुन चौराहे पर पहुंचे थे कि डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों जख्मी हो गए। हादसा देखकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोग तीनों को बेवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उमेश और गुड़िया को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुनीता की हालत नाजुक देखकर उसे बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बस्ती ले जाते समय रास्ते में सुनीता की भी मौत हो गई। एसओ भवानीगंज रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि डीसीएम सहित चालक को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।