जिले में तीन और कोरोना पॉजिटिव मिले
संक्रमितों में दो महिलाएं भी शामिल, बर्डपुर के आइसोलेशलन वार्ड में शिफ्ट
बांसी तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांव के हैं निवासी
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। जिले में शनिवार को तीन और कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए। संक्रमितों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी बांसी तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांव के निवासी हैं। रिपोर्ट आने के बाद सभी को बर्डपुर स्थित आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। इनके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 170 हो गई जिसमें 116 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। जबकि 48 एक्टिव केस हैं।
बांसी तहसील क्षेत्र के एक गांव में एक परिवार में एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया था। इसके बाद परिवार के दो महिलाओं के लार का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। साथ ही उन्हें गांव विद्यालय में क्वारंटीन कर दिया गया था। इनकी उम्र 22 और 56 वर्ष के बीच है। क्षेत्र के एक अन्य गांव निवासी एक 20 वर्षीय युवक जो मुंबई से लौटा था। उसके लार का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था और उसे होम क्वारंटीन किया गया था। शनिवार को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में तीनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें बर्डपुर स्थित आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। सीएमओ डॉ. सीमा राय ने बताया कि शनिवार को आई रिपोर्ट में तीन कोरोना संक्रमित मिले हैं। उन्हें आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
आंकड़ों पर एक नजर
अब तक पाए संक्रमितों की संख्या 170
बीमारी से ठीक हुए लोगों की संख्या 116
एक्टिव मरीज जिनका इलाज चल रहा है 48
जिले में अब तक संक्रमण से मृतकों की संख्या छह