-किताबें आने से गर्मी की छुट्टी में छात्र-छात्राएं कर पाएंगी तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले में 280 लाइब्रेरी बनकर तैयार हो गई हैं, अब इनको किताबों का इंतजार है। किताबों के न आने से लाइब्रेरी में ताला लगा है। पंचायती राज विभाग के अनुसार किताबों को खरीदने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत को पांच हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं, बजट मिलते ही किताबें खरीदी जाएंगी।
सभी ग्राम पंचायतों में लाइब्रेरी का संचालन किया जाना है। इस क्रम में ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में लाइब्रेरी के लिए कमरा को चिह्नित करके कुर्सी, मेज व अन्य सुविधाएं कर दी गई हैं, लेकिन अभी तक लाइब्रेरी में किताबों की व्यवस्था नहीं हुई है। इससे गांव के युवाओं को पढ़ने का मौका नहीं मिल रहा है। गांव के युवाओं की मानें तो गर्मी की छुट्टी शुरू होने वाली है, ऐसे में लाइब्रेरी में किताबें रखी जाएं तो पढ़ने के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे युवाओं को गांव में ही प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने का मौका मिलेगा।
बोले युवा
लाइब्रेरी भवन तो बनकर तैयार हो गया है। अब किताबें व कंप्यूटर लग जाए तो पढ़ाई करना आसान होगा। इससे गांव में ही प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने का मौका मिलेगा।
-मो. औन रिजवी, छात्र
-
लाइब्रेरी बनने से युवाओं को पढ़ाई करना आसान होगा। भवन तैयार हो गया अब जल्द ही कंप्यूटर व किताबों की व्यवस्था हो जाए। तो गर्मी के छुट्टी में पढ़ने का मौका मिलेगा।
-मो. सरताज, छात्र
-
280 पुस्तकालयों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिसमें फर्नीचर व अन्य सुविधाएं हैं। पुस्तकों के लिए शासन से बजट आने वाला है। इसके बाद किताबें भी रख दी जाएंगी, जिससे पढ़ाई का मौका मिलेगा।
-पवन कुमार, डीपीआरओ