सिद्धार्थनगर। बिना टैक्स जमा किए सड़क पर बेधड़क दौड़ रहे बकायेदार वाहनों पर कार्रवाई शुरु हो गई है। पहले चरण में 25 हजार रुपये से अधिक टैक्स वाले वाहनों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरु की गई है। इस दायरे में 500 से अधिक वाहन आएं हैं, जिन्हें नोटिस जारी की गई है। कुल लगभग ढाई करोड़ रुपये जुर्माना बकाया है। एक माह के इंतजार के बाद अगर वाहन टैक्स जमा नहीं किए तो विभाग आरसी जारी करवाने का काम करेगा। वहीं, अगले चरण में 25 हजार की कम राशि वाले वाहनों को नोटिस जारी की जाएगी। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर टैक्स जमा नहीं करने पर वाहनों के खिलाफ सीज, फिटनेस निरस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एआरटीओ संजय सिंह ने बताया कि 500 के आसपास वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किया गया है। अगर एक माह के अंदर टैक्स जमा नहीं किया गया तो आरसी जारी करने के साथ ही अन्य कार्रवाई की जाएगी।