सिद्धार्थनगर। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों में कार्यरत 7535 शिक्षकों, शिक्षा मित्रों का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से आच्छादित करने की कवायद तेज हो गई है। बीएसए कार्यालय से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से फार्म भेजा जा रहा है।
जिले में प्राथमिक विद्यालयों, पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों को भी बीमा योजना से जोड़ने के लिए कवायद शुरू हुई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश व दोनों बीमा योजना से संबंधित भेजे गए फार्म को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।ऐसे में 1924 प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत 846 प्रधानाध्यापक, 2737 सहायक अध्यापक, 2721 शिक्षा मित्रों के अलावा 724 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत 87 हेडमास्टर, 1144 सहायक अध्यापकों को बीमा फार्म भरवाने के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं।
प्रतिवर्ष 342 रुपये जमा होंगे
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना अंतर्गत 330 रुपये प्रति वर्ष जमा करने होंगे। मृत्यु होने पर जीवन सुरक्षा रुपये 2 लाख तक ही होगी। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना अंतर्गत 12 रुपये प्रति वर्ष जमा करना होगा।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के फार्म को समस्त बीईओ को देते हुए शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों को लाभान्वित कराने के लिए निर्देशित किया गया है।
राम सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी