डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। साक्षर भारत मिशन के तहत गांवों में तैनात प्रेरक 26 माह से मानदेय के लिए भटक रहे हैं। बार-बार आंदोलन के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। साक्षर भारत प्रेरक वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक कर मानदेय भुगतान के लिए आंदोलन की रूपरेखा बनाई गई। बैठक में एसोसिएशन के ब्लाक अध्यक्ष राहुल अग्रहरि ने कहा कि 10 जुलाई 2016 से बकाया मानदेय और अन्य मांगों को लेकर लखनऊ के लक्ष्मण झूला मैदान में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इसमें जनपदवार प्रेरक पहुंच रहे हैं। जब तक प्रेरकों की समस्याओं से संबंधित शासनादेश जारी नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उपाध्यक्ष हरिशंकर ने बताया कि 26 माह से प्रेरकों का मानदेय भुगतान नहीं किया गया है। इससे उनके समक्ष भुखमरी का संकट आ गया है। 30 सितंबर को उनकी संविदा भी समाप्त हो रही है। ऐसे में कोई विभागीय पहल न देख प्रेरकों को उनका भविष्य अंधकारमय लगने लगा है। अगर प्रेरकों की समस्याओं का जल्द ही समाधान नहीं किया गया तो लखनऊ पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे। बैठक में आसिफ चौधरी, अरविंद पांडेय, फरहाना अंजुम, नीलम, दीपिका वरूण, शाहिदा फातिमा, सावित्री, राम सजीवन, मैनुद्दीन, शिवकुमार, श्वेता गुप्ता आदि मौजूद रही।