पथरा (सिद्धार्थनगर)। डिड़ई चौकी इंचार्ज भानू प्रताप सिंह को शनिवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए वर्ष 2017 में पुलिस महानिदेशक मेडल और वर्ष 2018 में गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।
वर्ष 1998 में आरक्षी के रूप में पुलिस में भर्ती हुए भानू प्रताप सिंह की छवि साफ-सुथरी है। मूलरूप से देवरिया के रुद्रपुर के रहने वाले सिंह को वर्ष 2011 में आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देकर मुख्य आरक्षी बनाया गया था। वर्ष 2016 में वह उप निरीक्षण बने। वह गोरखपुर एसटीएफ में भी तैनात रह चुके हैं। इसके बाद वे कुछ समय चंदौली और फिर कोतवाली सिद्धार्थनगर में तैनात रहे। गोरखपुर एसटीएफ में रहते हुए सिंह ने दो लाख रुपये के इनामी धर्मेंद्र सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया था। वे अब तक मुठभेड़ में डेढ़ दर्जन अपराधियों को ढेर कर चुके हैं। राष्ट्रपति पदक के लिए उनके चयन पर थानाध्यक्ष पथरा बाजार विजय कुमार दूबे, प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज प्रदीप सिंह, जोगिया दिनेश चौधरी, प्रभारी निरीक्षक बांसी रविन्द्र कुमार सिंह, उप निरीक्षक दीपक दूबे, वकील यादव, शशि प्रकाश सिंह, जमालुद्दीन खान, रामपाल अशोक, लालधर आदि ने खुशी जताई है।