भनवापुर सीएचसी का निरीक्षण करते सीएमओ।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। सीएमओ के औचक निरीक्षण में एक डॉक्टर समेत चार स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले। सभी का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आरके मिश्रा ने गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भनवापुर का सुबह नौ बजे ही निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सक अजय सिंह, एआरओ जमीरूल्लाह, एचयू एबी सिंह व डाटा इंट्री आपरेटर नागेन्द्र गैरहाजिर मिले। गंभीरता से लेते हुए सभी का अनुपस्थित वाले दिन का वेतन कटौती का निर्देश दिया। इसके बाद प्रसूताओं के खाते में भुगतान का मामला सामने आने पर उन्होंने संबंधित से आशा कार्यकर्ताओं के जरिए खाता खुलवाकर भुगतान करने का सख्त निर्देश दिया।
नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया के निरीक्षण में बाढ़ग्रस्त क्षेत्र होने के कारण फर्श धंसी होने पर उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी से मरम्मत कराने के लिए कहा। स्वास्थ्य केंद्र डुमरियागंज के निरीक्षण में साफ-सफाई बेहतर पाने के साथ ही प्रसव कार्य में लगी स्टाफ नर्स व एएनएम के कार्यों पर संतुष्टि जाहिर की। सीएमओ ने बताया कि अस्पतालों के निरीक्षण में साफ-सफाई बेहतर होने के साथ ही दवा की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को मुहैय्या कराने की दिशा में किसी भी स्तर पर कोताही न बरतने की हिदायत दी है।