फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले को मिली पांच नए निकायों की सौगात

विज्ञापन
विज्ञापन
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। चुनाव से ठीक पहले सूबे के नगरीय विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने जिले की निकायों को करोड़ों की सौगात दी है। बुधवार को डुमरियागंज के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज परिसर में उन्होंने जिले की छहों निकायों में 21 करोड़ की लागत वाली 36 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2018 में इटवा, बिस्कोहर, बर्डपुर, बढ़नीचाफा व भारतभारी के रूप में पांच नए निकायों के गठन की घोषणा भी की। कहा कि सर्वे कराकर वर्ष 2018 में इसकी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। अधिशासी अधिकारियों की भर्ती में एमबीए डिग्रीधारकों के चयन की भी बात कही।
विज्ञापन

सुरेश खन्ना ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में प्रदेश की सपा-बसपा सरकार ने केवल खजाने को लूटा है। इस बार भी इनकी सरकार बनती तो कर्मचारियों को वेतन के लाले पड़ जाते। वर्ष 2015 से केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना लागू कर लोगों को सुलभ आवास उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था, मगर पूर्ववर्ती सपा सरकार ने इसे प्रदेश में लागू नहीं किया। भाजपा सरकार बनने के बाद मात्र 6 माह में करीब 10 लाख शहरी व 10 लाख ग्रामीण लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया। सभी नगर पंचायतों में स्वच्छ वातावरण समिति बनाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
कूड़ा निस्तारण के लिए प्रदेश के सभी जिलों में एक प्लांट लगाया जाएगा, जहां कूड़े से 5 मेगावाट तक बिजली बनाई जाएगी। बाराबंकी में इसका प्रयोग किया जा चुका है, जिसका शिलान्यास 21 अक्टूबर को सीएम करेंगे। आगामी 5 वर्षों में पूरे प्रदेश में यह प्लांट लगाया जाएगा। अधिशाषी अधिकारियों को निर्देशित किया कि फॉगिंग व छिड़काव निरंतर कराते रहें और इसकी स्वयं निगरानी भी करें। उन्होंने कहा कि अब अधिशाषी अधिकारियों की भर्ती में एमबीए डिग्रीधारकों का चयन किया जाएगा। वर्तमान में तैनात अधिशाषी अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा से जुड़ने का आह्वान किया। कहा कि भाजपा चालू ट्रांसफार्मर है, जिसमें हमेशा बिजली रहती है। सपा-बसपा फ्यूज ट्रांसफार्मर है, जिनसे अब बिजली की उम्मीद नहीं है।
विज्ञापन

सांसद जगदंबिका पाल ने जिले में पेयजल और यातायात व्यवस्था की दुश्वारियां गिनाई। बुद्ध सर्किट के तहत जिले को हवाई सेवा से जोड़ने, बांसी, उसका, शोहरतगढ़ नगर पालिका के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण और सभी निकायों के चारों ओर सर्किट रोड बनाने की मांग रखी। विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने डुमरियागंज में प्रेक्षागृह की तर्ज पर छह विवाह घर, शाहपुर व बनगवां में विवाह घर के साथ ही नगर क्षेत्र में सौर ऊर्जा प्लांट लगवाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत क्लस्टर कॉलोनी बनकवाकर गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध करवाने की मांग की। इससे पहले सांसद समेत सभी विधायकों ने कैबिनेट मंत्री को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व निवर्तमान चेयरमैन के प्रतिनिधि मधुसूदन अग्रहरि ने स्मृति चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर, विधायक चौधरी अमर सिंह, डॉ.सतीश द्विवेदी, श्यामधनी राही, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र मणि त्रिपाठी, राजू श्रीवास्तव, साधना चौधरी, हेमंत जायसवाल, अजय गुप्ता, श्यामसुंदर अग्रहरि, लवकुश ओझा, मनोज मौर्य, डीएम कुणाल सिल्कू, एसपी डॉ.धर्मवीर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार मिश्र, एसडीएम राजेंद्र प्रसाद, सीओ सुनील कुमार सिंह, ईओ शिवकुमार आदि मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री दिलीप चतुर्वेदी ने किया।

36 परियोजनाओं समेत निकायों को मिले 21 करोड़
डुमरियागंज। सभा में कैबिनेट मंत्री ने नगर पंचायत डुमरियागंज को 433.85 लाख, शोहरतगढ़ को 91.73 लाख, बढ़नी को 95.90 लाख व उसका बाजार को 189.89 लाख रुपये की परियोजनाओं की स्वीकृति देने के साथ ही पूरे जिले के नगर निकायों को कुल 21 करोड़ की 36 परियोजनाओं की सौगात दी।

बेसहारा पशुओं के लिए बनेगा कान्हा उपवन
डुमरियागंज। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि नगर क्षेत्रों में घूम रहे बेसहारा पशुओं से आए दिन गंभीर घटनाएं हो रही हैं। लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके निजात के लिए प्रदेश सरकार ने प्रत्येक निकायों में पशुओं को रखने के लिए कान्हा उपवन बनवाने की योजना तैयार की है। वर्ष 2018 में नगर निकायों से प्रस्ताव प्राप्त कर वहां कान्हा उपवन बनवाया जाएगा। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों में इज्जत घर के नाम से शौचालय का भी निर्माण करवाया जाएगा। जिसके लिए प्रदेश सरकार प्रत्येक शौचालय पर 20 हजार का अनुदान देगी।

मंत्री ने की विधायक राघवेंद्र प्रताप की सराहना
डुमरियागंज। क्षेत्रीय विधायक राघवेंद्र सिंह की ओर से लगातार चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान, कूड़ादान वितरण कार्यक्रम व नगर क्षेत्र में हराभरा रखने के लिए एक हजार पौधों को ट्री गार्ड सहित लगाए जाने व स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए डुमरियागंज नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में 5-5 सफाई प्रहरी जाने की मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने संबोधन के दौरान सराहना की। इसे प्रदेश के सभी निकायों में लागू कराने की बात कही।

शंखनाद, ढोल नगाड़ों की ध्वनि के बीच मंत्री का स्वागत
डुमरियागंज। जिले में पहली बार आए नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत हुआ। विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह व ईओ शिवकुमार ने 51 ब्राह्मणों की शंख ध्वनि के साथ बज रहे ढोल नगाड़े के बीच मंत्री का स्वागत किया। सड़क से लेकर कार्यक्रम स्थल तक कार्यकर्ता गुलाब का फूल लेकर कतारबद्ध खड़े होकर उनका स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में पौधरोपण भी किया।

मंच से ही की निकायों की समीक्षा
डुमरियागंज। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कार्यक्रम में देरी से पहुंचने और फिर समापन के बाद अयोध्या में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचने की आपाधापी में आयोजित समीक्षा बैठक स्थगित कर दी गई। जिले के सभी नगर निकायों के ईओ को मंच पर ही बुलाकर कैबिनेट मंत्री ने उनकी समीक्षा कर उन्हें दिशा-निर्देश दिए।

निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष ने दिया स्मृति चिह्न
डुमरियागंज। निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष बीनादेवी अग्रहरि और उनके प्रतिनिधि ने मंत्री मधुसूदन अग्रहरि को अंगवस्त्र के साथ ही हनुमान जी की मूर्ति भेंट की। इसके अलावा हियुवा के नगर संयोजक श्यामसुंदर अग्रहरि, नरेंद्रमणि त्रिपाठी, लवकुश ओझा और मनोज मौर्या ने भी स्मृति चिह्न भी दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें