बांसी (सिद्धार्थनगर)। कस्बे के श्यामनगर वार्ड में सोमवार की सुबह नल पर नहाने गई महिला की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना का कारण मोटर के तार से नल मेें करंट उतरना बताया जा है। घरवालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
क्षेत्र के श्यामनगर वार्ड निवासी कृष्णा सैनी की पत्नी लक्ष्मी (40) सोमवार की सुबह नल पर नहाने गई थी। वह मोटर स्टार्ट कर पानी भर रही थी, तभी उसका हाथ नल के हैंडिल पर पड़ गया। मोटर का तार कहीं कटा हुआ था, जिससे नल में बिजली प्रवाहित हो रही थी। इससे वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंचे घरवालों ने बिजली सप्लाई बंद की और आनन-फानन में बांसी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घरवालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बच्चों के सिर से उठा मां का साया
लक्ष्मी की मौत से पूरा परिवार सदमे में हैं। मौत से तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। लक्ष्मी के तीन पुत्र व एक पुत्री हैं। कृष्णा बांसी स्थित कचहरी के पास एक पान की गुमटी चलाता है। लक्ष्मी घर में बच्चों को देखभाल करती थी। घटना के बाद से ही तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, सुबह हुई घटना से मोहल्ले के अधिकांश घरों में चूल्हे तक नहीं जले। घर पहुुंचने वाले हर व्यक्ति की आंखें नम हो जा रही थीं।