सिद्धार्थनगर। खेलकूद प्रतियोगिताओं को ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ावा देने की कोशिश में प्रदेश सरकार जुटी है। इसी क्रम में प्रदेश के खेल और जिले के प्रभारी मंत्री चेतन चौहान के आग्रह पर इटवा विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए यहां मिनी स्टेडियम के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है। उम्मीद है जल्द ही मिनी स्टेडियम के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी।
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना खेलो इंडिया प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद रफ्तार पकड़ ली है। जिले के प्रभारी मंत्री ने विकास भवन के आंबेडकर सभागार में हुई अपनी पहली मीटिंग में ही सभी विधायकों से एक-एक मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए निशुल्क भूमि उपलब्ध कराने की अपेक्षा की थी। एक वर्ष बाद उनकी अपेक्षाओं पर सिर्फ इटवा विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी खरा उतर सके। उन्होंने अपने क्षेत्र में मुड़िला शिवदत्त ग्राम में तीन एकड़ भूमि निशुल्क उपलब्ध करा दी है। प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी देवेन्द्र पांडेय ने बताया कि भूमि उपलब्धता के बाद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को पत्र भेजा गया है। कार्ययोजना की स्वीकृति बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।