सिद्धार्थनगर। महिला पीएसी बटालियन की स्थापना अधर में लटकती नजर आ रही है। वजह है जमीन का न मिलना। इस बाबत शासन स्तर से दिसंबर के आखिरी सप्ताह में पुलिस कार्यालय को पत्र भी आ चुका है, लेकिन राजस्व विभाग जमीन ही नहीं खोज पा रहा है। जबकि राजस्व विभाग को कई बार पत्र लिखा जा चुका है।
लोक कल्याण संकल्प पत्र में किए गए वादे के अनुसार भाजपा सरकार ने प्रदेश में तीन महिला पीएसी बटालियन स्थापित करने का निर्णय लिया था। इस संबंध मेें शासन की ओर से दिसंबर के आखिरी सप्ताह में पुलिस कार्यालय को पत्र जारी कर रिपोर्ट मांगी गई थी। पांच माह से अधिक का समय गुजर चुका है, लेकिन अभी तक जमीन नहीं मिल पाई है। माना जा रहा था कि जिले में पीएसी की महिला बटालियन स्थापित हो जाने से सुरक्षा के क्षेत्र में जिले को बड़ी सौगात मिल जाती। मगर जमीन न मिलने से योजना लौट जाने की स्थिति में है।
70 से 100 एकड़ भूमि की थी जरूरत
विभाग की मानें तो शासन स्तर आए पत्र में यह कहा गया था कि खेल ग्राउंड, प्रशिक्षण केंद्र सहित अन्य सुविधाओं से परिपूर्ण करने के लिए 75-100 एकड़ जमीन की जरूरत है। पीएसी वाहिनी बनने में किसी को किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाए।
इस नाम से होना था वाहिनी की स्थापना
सरकार को लोक कल्याण पत्र के अनुसार महिला वाहिनी का नाम आवंती बाई, झलकारी बाई व उदादेवी बटालियन रखना है।
निशुल्क जमीन की मांग थी
शासन ने जमीन को निशुल्क उपलब्ध कराने के लिए कहा है। इसके अलावा रेलवे, बस स्टेशन व मुख्यालय से करीब होने की भी बात कही गई है। सहयोग के लिए कोई जमीन दे सकता है।
बोले एसपी
शासन से पत्र आने के बाद डीएम से पत्राचार किया गया था। अभी तक जमीन नहीं मिल पाई है। जमीन मिलते ही शासन को पत्र भेजा जाएगा। इसके बाद काम होगा।
डॉ. धर्मबीर सिंह, एसपी सिद्धार्थनगर