कलेक्ट्रेट में पर्चा दाखिला करते प्रत्याशी फतेबहादुर सिंह
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। जिला योजना समिति के सदस्य पद पर नामांकन प्रक्रिया मंगलवार को हुई। सदस्य के एक पद के लिए तीन उम्मीदवारों ने नामांकन किया। कड़ी सुरक्षा के बीच हुए नामांकन के बाद फार्मों की जांच हुई। इसमें सभी फार्म वैध मिले। 24 मार्च को नाम वापसी और 28 को मतदान होगा।
जिले की छह निकायों में से जिला योजना का एक सदस्य चुना जाना है। इसके लिए मंगलवार को हुए नामांकन में बांसी नगर पालिका क्षेत्र से मो.अब्दुल कुतुब, मंगल प्रसाद चौरसिया और सिद्धार्थनगर नगर पालिका से सभासद फतेह बहादुर सिंह ने नामांकन फार्म जमा किया। सहायक निर्वाचन अधिकारी व बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी ओमप्रकाश अंजोर ने बताया कि जांच में सभी फार्म वैध मिले हैं। 24 को नाम वापसी के बाद मैदान में शेष उम्मीदवारों के बीच 28 मार्च को मतदान कराया जाएगा। चुनाव में कुल 103 मतदाता हिस्सा लेंगे