सिद्धार्थनगर। गुजरात में राहुल गांधी के काफिले पर हमले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। यूथ कांग्रेस व एससी प्रकोष्ठ के संयुक्त बैनर तले कार्यकर्ताओं ने साड़ी तिराहा स्थित पार्टी कार्यालय के समीप प्रदर्शन किया। भाजपा व केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने हमले को साजिश करार देते हुए कड़ी भर्त्सना की।
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करने हुए एससी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार गुड्डू ने कहा कि देश में कहने के लिए लोकतंत्र है, लेकिन भाजपा सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतारु है। विपक्ष को खत्म करने के लिए तरह-तरह के प्रपंच रचे जा रहे हैं। विपक्ष के नेताओं पर कहीं हमले हो रहे हैं तो कहीं डरा-धमका कर उनकी आवाज को दबाया जा रहा है। राहुल गांधी पर हुआ हमला इसी का प्रतीक है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव प्रदीप ठकुराई ने कहा कि कश्मीर की तरह ही गुजरात में भी भाजपा ने पत्थरबाजी शुरू करा दी है। आजादी के बाद ऐसी घटना इस सरकार में ही शुरू हुई है। सत्ता का दुरुपयोग कर सरकार जनता की आवाज दबाना चाहती है। विपक्ष को कुचलने की साजिश सफल नहीं होगी। कांग्रेस कार्यकर्ता इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। प्रदर्शन में सौरभ सिंह, कैलाश पंक्षी, अंकित राय, अनिल सिंह, अकरम अली सिद्दीकी, धर्मेंद्र गौतम, श्यामबिहारी, जाफर अली, गुल मोहम्मद आदि शामिल थे।