सिद्धार्थनगर। पंचायतों के उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। जिला पंचायत सदस्य के रिक्त पद के लिए दो महिला उम्मीदवार समेत कुल सात ने नामांकन किया है। कांग्रेस की ओर से अतहर अलीम, भाजपा और अपना दल समर्थित प्रत्याशियों ने पर्चा भरा है। नामांकन फार्मों की जांच 22 जून को होगी।
शोहरतगढ़ ब्लाक अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य अब्दुल अलीम के करीब दो माह पूर्व निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी। उपचुनाव में मंगलवार को उनके पुत्र व युवक कांग्रेस के बस्ती मंडल अध्यक्ष अतहर अलीम ने नामांकन किया। अपना दल उम्मीदवार के रूप में शिवचंद ने पर्चा भरा। सदर विधायक श्यामधनी राही व शोहरतगढ़ विधायक अमर सिंह चौधरी उनके साथ मौजूद रहे। रामपाल सिंह के नामांकन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर, क्षेत्रीय मंत्री गोविंद माधव, दीपक मौर्य सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। केंद्र व प्रदेश में गठबंधन के बाद अपना दल व भाजपा से अलग-अलग उम्मीदवारों के पर्चा भरने के बाद सियासी माहौल सियासी माहौल गरमा गया है। इनके अलावा गीता, राजकुमारी देवी सुधाकर व डॉ.राकेश प्रताप सिंह ने भी नामांकन पत्र जमा किया। सहायक चुनाव अधिकारी एसओसी ओम प्रकाश अंजोर ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया सकुशल संपन्न हुई है। 22 जून को सभी नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
डुमरियागंज। भनवापुर ब्लाक में रिक्त बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य पद पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन हुआ। बीडीसी के रिक्त एक पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। वहीं 48 रिक्त ग्राम पंचायत सदस्य के पदों लिए महज तीन प्रत्याशियों ने ही नामांकन किया। भनवापुर ब्लाक क्षेत्र के महतिनियां खुर्द के वार्ड नंबर 94 के बीडीसी के इस्तीफा देने से खाली सीट पर उपचुनाव हो रहा है। भाजपा नेता लवकुश ओझा की पत्नी सुनीता ने दो सेटों में पर्चा भरा। इसी वार्ड से अब्दुल करीम और राम उजागिर ने भी पर्चा दाखिल किया। वहीं अन्य पर्चा खरीदने वाले उम्मीदवार मनोज कुमार चौधरी, उद्धव चौधरी, अजय कुमार सहित अन्य लोगों ने शाम चार बजे तक पर्चा जमा नहीं किया था। भनवापुर ब्लाक में 48 रिक्त ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर चुनाव लड़ने में लोगों ने रुचि नहीं दिखाई। 48 में महज पेडऱा के वार्ड संख्या नौ से श्यामादेवी, वार्ड नंबर आठ से खेदू और चौखड़ा ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर सात से सुमन देवी ने पर्चा दाखिल किया। इस संबंध में भनवापुर ब्लाक के आरओ अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि बीडीसी पद के लिए तीन लोगों ने चार सेटों में पर्चा भरा है। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए सिर्फ तीन ने नामांकन ही किया है। डुमरियागंज ब्लाक के ग्राम पंचायत केवटली नानकार में प्रधान पद के लिए एक पर्चा और बनगवां नानकार में चार सेट पर्चा दाखिल हुआ है।
इटवा। खुनियांव व इटवा ब्लाक में रिक्त ग्राम पंचायत सदस्य,ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायतों के लिए प्रत्याशियों ने मंगलवार को पर्चा दाखिल किया। इटवा में एआरओ विनोद कुमार ने बताया कि बीडीसी सदस्य पद पर दो,ग्राम पंचायत सदस्य पद पर चार पर्चा दाखिल किया गया। खुनियांव ब्लाक के चुनाव अधिकारी अजय कुमार व एआरओ शौकत लाल के मुताबिक बीडीसी सदस्य का चार पर्चा, शनिचरा में ग्राम प्रधान पद के लिए तीन लोगों ने पर्चा दाखिल किया है।