खुनुवां। एसएसबी के सीमा चौकी खुनुवां के जवानों ने तस्करी कर नेपाल ले जाई जा रही 19 बोरी यूरिया में रखे साढ़े आठ क्विंटल यूरिया और एक साइकिल बरामद की है। रविवार को सीमा चौकी खुनुवां के जवान सीमा स्तंभ के 100 मीटर भारतीय सीमा के भीतर विशेष गश्त पर तैनात थे।
इसी दौरान गश्ती दल ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को साइकिल और कंधों पर बोरियों में सामान लादकर नेपाल ले जाने का प्रयास करते देखा। जवानों ने संदिग्धों को रुकने का संकेत दिया लेकिन वह सामान छोड़कर नेपाल की ओर भाग निकले। इसके बाद गश्ती दल ने घटनास्थल और उसके आसपास लगभग 500 मीटर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान बरामदगी की गई।
एसएसबी ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद यूरिया और साइकिल को सीमा शुल्क विभाग खुनुवां के सुपुर्द कर दिया। संवाद