सिद्धार्थनगर। नीति आयोग द्वारा अति पिछड़े क्षेत्रों की श्रेणी में शामिल सिद्धार्थनगर समेत आठ जनपदों के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के लिए कड़े निर्देश मिले हैं। इनमें पेयजल, शौचालय व विद्युत कनेक्शन की सुविधा मुख्य रूप से शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा अभियान की राज्य परियोजना निदेशक संध्या तिवारी की ओर से सिद्धार्थनगर, चित्रकूट, बलरामपुर, बहराइच, सोनभद्र, श्रावस्ती, चंदौली, फतेहपुर के जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजे पत्र में लिखा है कि भारत सरकार की ओर से मिले निर्देश के क्रम में जनपदों में संचालित माध्यमिक विद्यालयों में पेयजल, शौचालय व विद्युत कनेक्शन के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएं। इसके लिए जल निगम, पंचायती राज व विद्युत विभाग से संपर्क कर इन सुविधाओं की व्यवस्था से लैस करने का निर्देश दिया है।जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राज बहादुर मौर्य ने बताया कि 15 अगस्त तक संबंधित सूचना उच्च स्तर पर मुहैया कराया जाना है। इसके लिए जिम्मेदारों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।
रिटायर शिक्षकों से मांगे आवेदन
शिक्षा निदेशक के निर्देशानुसार सेवानिवृत्त प्रवक्ता व सहायक अध्यापकों से माध्यमिक स्कूलों में पढ़ाने के लिए आवेदन पत्र मांगे गए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 25 जुलाई है। आवेदन के लिए इच्छुक अध्यापकों की उम्र 70 वर्ष से अधिक न हो।