सिद्धार्थनगर। आबकारी विभाग की टीम में बुधवार कपिलवस्तु व मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव में छापेमारी की। इस दौरान मौके से 90 शीशी नेपाली और 10 लीटर कच्ची शराब के साथ महिला समेत दो लोग पकड़े गए। उनके खिलाफ आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
आबकारी निरीक्षक नौगढ़ शिखर श्रीवास्तव ने बुधवार को अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के तिलकनगर गांव में छापेमारी की। गांव निवासी संगीता नामक महिला के घर से झोले में रखा 90 शीशी नेपाली शराब बरामद किया। उधर, आबकारी निरीक्षक बांसी नीरज तिवारी के नेतृत्व वाली टीम ने सुबह मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के नागचौरी गांव में छापेमारी कर मनिराम के घर के पीछे पुआल में गैलन में रखा 10 लीटर कच्ची शराब बरामद किया। साथ ही शराब बनाने वाले उपकरण नष्ट किया। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। टीम में आबकारी निरीक्षक इटवा राजेश आर्य आदि मौजूद रहे।