पथरा बाजार (सिद्धार्थनगर) । स्थानीय थाना क्षेत्र के पिपरा रामलाल गांव निवासी एक व्यक्ति के खाते से जालसाजों ने अलग-अलग एटीएम से 31 हजार रुपये निकाल लिए। एटीएम से पैसा निकालने गया तो खाते में केवल 67 रुपये होने की जानकारी मिलने पर उसके होश उड़ गए। पैसे लखनऊ पुलिस लाइन स्थिति एटीएम व गोंडा के एक एटीएम से निकाले गए। व्यक्ति ने मामले की जानकारी 100 पर दी तो उसे साइबर सेल लखनऊ में मामले को दर्ज कराने को कहा गया।
रामलाल गांव निवासी चंद्रबली पुत्र राम उजागिर मुंबई में रहता है। उसका खाता, मुंबई के कांदीवली वेस्ट की यूको बैंक शाखा में है। चंद्रबली कुछ दिन पहले मुंबई से गांव आया था। आने से पहले उसने अपने खाते में तीस हजार रुपये जमा किए थे। वह सोमवार को पैसा निकालने के लिए एटीएम पर पहुंचा तो उसके एकाउंट में मात्र 67 रुपये ही बचे थे। हैरान चंद्रबली ने घर आकर मोबाइल चेक किया तो उसके एकाउंट सें 28 जून को रात्रि 2. 45 व 2.46 बजे दोपहर में दो बार में दस-दस हजार करके 20 हजार रुपये पुलिस लाइन लखनऊ के एटीएम से निकाले गए। इसके बाद रात 2.46 व 2.53 बजे पांच हजार व छह हजार करके दो बार में 11 हजार रुपये गोंडा के एटीएम से निकाले गए। एटीएम कार्ड पास में होने के बावजूद उनके खाते से पैसे कैसे निकाल लिए गए, चंद्रबली के समझ मे नहीं आ रहा है। जब इस बारे में चंद्रबली ने मुंबई के यूके ब्रांच की शाखा में पूछा तो उसे जानकारी देने से इंकार कर दिया गया। इसके बाद उसने 100 नंबर पर सूचना देकर मामले को बताया तो उन्होंने लखनऊ साइबर सेल शाखा में संपर्क करने की बात कही।