जनपद में 1787 आवासों का निर्माण प्रारंभ
संपूर्ण समाधान दिवस के बाद सभी के ले-आउट का निरीक्षण
सदर विकास खंड के जगदीशपुर में सीडीओ ने जानी हकीकत
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के छूटे हुए 1787 पात्र लाभार्थियों के आवास का निर्माण मंगलवार को एक साथ शुरू हो गया। ले-आउट का निरीक्षण सीडीओ, पीडी समेत विकास खंड में कार्यरत अवर अभियंता, तकनीकी सहायक ने किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में मंगलवार को जिले में 1787 आवासों की नींव आरंभ हुई। ब्लॉकवार आवासों में मिठवल ब्लॉक में 352, बढ़नी में 250, जोगिया में 216, इटवा में 173, खेसरहा में 149, नौगढ़ में 143, बांसी में 117, खुनियांव में 70, डुमरियागंज में 52, भनवापुर में 34, लोटन में 25, उसका बाजार में पांच आवास शामिल हैं। मुख्य विकास अधिकारी पुलकित गर्ग ने विकास खंड नौगढ़ की ग्राम पंचायत जगदीशपुर राजा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवासों के ले-आउट निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उषा देवी पत्नी सदावृक्ष, गोरखनाथ पुत्र प्यारे एवं पूर्णमासी पुत्र श्यामलाल का आवास निर्माण कार्य ले-आउट करते हुए प्रारंभ किया। निरीक्षण के समय खंड विकास अधिकारी नौगढ़ संजय श्रीवास्तव समेत ग्राम पंचायत सचिव, प्रधान उपस्थित थे। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक संत कुमार ने बताया कि मंगलवार को तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस के बाद ले-आउट का निरीक्षण विकास खंड में कार्यरत अवर अभियंता/तकनीकी सहायक ने किया। शेष आवासों का निर्माण भी अविलंब प्रारंभ हो जाएगा।