सिद्धार्थनगर। इस बार के लोकसभा चुनाव में युवाओं की भूमिका सबसे अहम रहेगी। उनके वोट से यह तय होगा कि कौन डुमरियागंज लोकसभा सीट से संसद की दहलीज तक जाएगा। क्योंकि इस बार कुल मतदाताओं की संख्या के आधे युवा मतदाता हैं, जो प्रत्याशी का नब्ज टटोल कर वोट देंगे। लिहाजा भाजपा ने गुरुवार को भाजयुमो सम्मेलन से युवाओं को जोड़ने की पूरी कोशिश भी की है। मौजूदा समय में जिले में करीब नौ लाख 81 हजार युवा मतदाता है।
लोकसभा चुनाव की सरगर्मियां अब बढ़ गई हैं। प्रत्याशी व उनके कार्यकर्ता हर घर जाकर समर्थन मांग रहे हैं। ऐसे में युवा वोटरों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण हो गई है। क्योंकि जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 1865469 वोटर हैं। इनमें 20 से 39 आयु वर्ग के वोटरों की संख्या 981924 है। ऐसे में सबसे युवा वोटरों का महत्व अपने आप में बढ़ जाता है।
राजनीतिक पंडित इस बात को मानते हैं कि युवा वोटर इस बार संसद में कौन जाएगा यह तय करेंगे। क्योंकि इनके वोट सबसे महत्वपूर्ण है। वहीं, अन्य वोटरों की बात करें तो 40 से 49 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 327251 है। जबकि 50 से 59 वर्ष के बीच मतदाताओं की संख्या 2518714 है। यही कारण है कि भाजपा से लेकर गठबंधन के कार्यकर्ता युवाओं को अपनी टीम में जोड़े हुए हैं। भाजपा ने तो बाकायदा गुरुवार को विजय युवा संकल्प सम्मेलन की शुरुआत कर युवाओं को रिझाने का काम किया है। अब देखना यह होगा कि युवाओं का रुझान किस तरफ जाता है। यह आने वाला वक्त ही बताएगा।