सिद्धार्थनगर। अब जिला जेल की मॉनिटरिंग कारागार मुख्यालय, लखनऊ से भी होगी। इसके लिए जिला जेल में लगे सीसीटीवी कैमरे का कंट्रोल रूप कारागार मुख्यालय से जुड़ेगा।
बागपत जेल मेें कुख्यात माफिया मुन्ना बजरंगी की गोली मारकर हत्या कर देने के बाद जेल की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए थे। दोबारा जेल में ऐसी घटना न हो, इसे देखते हुए कारागार मुख्यालय से सीधे जेलों की मॉनिटरिंग की योजना तैयार की गई है। कारागार मुख्यालय पर कमांड सेंटर सिस्टम के माध्यम से जेलों में लगे सीसीटीवी कैमरे के कंट्रोल रूम से मुख्यालय को जोड़ा जाएगा। जिम्मेदारों की माने तो इसके पीछे शासन का उद्देश्य यह है कि कभी भी जिम्मेदार किसी भी जेल में बंद कुख्यात अपराधिक से कौन-कौन मिलने आ रहा है। उसकी गतिविधि कैसी है और कौन-कौन से कर्मचारी उसके काफी नजदीक हैं। इसके बारे में जानकारी ले सकें। इस व्यवस्था के शुरू होने से साढ़े छह सौ बंदियों की संख्या वाले जिला कारागार की निगरानी होगी। जिला कारागार के हर बैरक व मुख्य स्थान, गेट सीसीटीवी कैमरे से लैस हैं। यहां करीब 40 स्थानों पर कैमरे लगे हैं। जेल अधीक्षक व जेलर ऑफिस से मॉनिटरिंग होती है। जेल अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि जिला कारागार पूर्ण रूप से सीसीटीवी कैमरे से लैस है। मुख्यालय से अटैच किए जाने की योजना है। जिसका पालन कराया जाएगा।