बेंवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्वास्थ्यकर्मी, एएनएम व आशा बहू सोमवार को कार्य बहिष्कार कर अधीक्षक के खिलाफ धरने पर बैठ गए।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज। क्षेत्र के बेंवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्वास्थ्यकर्मी, एएनएम व आशा बहू सोमवार को कार्य बहिष्कार कर अधीक्षक के खिलाफ धरने पर बैठ गए। सभी कर्मचारियों ने अधीक्षक को हटाने की नारेबाजी की। धरना प्रदर्शन की जानकारी पाकर सीएमओ भी बेंवा भी पहुंच गए। धरनारत कर्मचारियों से ज्ञापन लेकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ।
हाल ही में बेंवा सीएचसी का कार्यभार संभालने वाले मेजर डॉ. आरके प्रसाद की कार्यप्रणाली से स्वास्थ्यकर्मी काफी परेशान हो रहे थे। इसे लेकर सोमवार को करीब 11 बजे अस्पताल में तैनात एएनएम, आशा बहुएं और अन्य स्वास्थ्यकर्मी कार्य छोड़कर अस्पताल परिसर में पहुंच गए। इसके बाद अधीक्षक हटाओ के नारे लगाने लगे। आशा बहुओं ने अस्पताल में डिलेवरी होने पर ठहरने का उचित व्यवस्था करने एवं अल्ट्रासाउंड मशीन लगवाने की मांग की। एएनएम का नेतृत्व कर रही बसंती देवी ने अधीक्षक पर आरोप लगाया कि बैठक के बहाने अधीक्षक उन लोगों को देर रात तक अस्पताल पर रोके रहते हैं। यही नहीं प्रसूता महिलाओं को प्रसव के बाद न तो दूध और न ही अंडा दिया जाता है। डॉ. अनीस कुमार वैश्य, डॉ. विकास चौधरी, संतोष सिंह, विपिन कुमार, वीसी अग्रहरि, गीता पांडेय, संध्या वर्मा, शायरा खातून, कमलावती देवी, पुष्पा, निर्मला, आनंद, पन्ना, सूर्यमुखी, उर्मिला देवी, सुनीता भारती, शशिबाला सहित सभी स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
धरने की सूचना पर दोपहर करीब 2 बजे सीएमओ जिला मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके मिश्रा भी बेंवा पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए अधीक्षक को हटाए जाने की मांग की। सीएचसी अधीक्षक मेजर डॉ. आरके प्रसाद ने बताया कि अस्पताल की व्यवस्था बहुत खराब है। जिसे सुधारने का वह प्रयास कर रहे हैं। कुछ लोगों का यह बात नागवार लग रही है। साजिशन उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।