सिद्धार्थनगर। सदर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय थरौली का बुरा हाल है। विद्यालय के कमरे तालाब बन चुके हैं। दो कमरों में व बरामदे में एक फीट पानी भरा हुआ है। जलजमाव होने के कारण कमरे बंद कर दिए गए हैं। बच्चों को एक ही कमरे में बैठना पड़ रहा है। दरवाजा पानी में डूबने की वजह से सड़ रहा है। कई बार पत्राचार के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
नगर से सटे थरौली गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कुल 130 बच्चे पंजीकृत हैं। विद्यालय में कुल पांच कमरे बने हुए हैं। 15 दिन पूर्व हुई तेज बारिश के बाद से ही कक्षा एक व दो के कमरे में पानी भर गया था, सभी कमरे व बरामदे में एक फीट पानी भरा हुआ है। पानी लगने की वजह से विद्यालय आने-जाने में बच्चों को परेशानी होती है। 15 दिन से विद्यालय में पानी भरा हुआ है, लेकिन अभी तक किसी जिम्मेदार ने समस्या पर ध्यान नहीं दिया। प्रधानाचार्य कंचन मिश्र ने बताया कि मामले को लेकर कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।