इटवा। मूलभूत सुविधाएं न मिलने से नाराज इटवा तहसील क्षेत्र स्थित फूलपुर राजा, फूलपुर पांडेय व भलुइया गांव के लोगों ने आगामी चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। रविवार को फूलपुर राजा गांव के बाहर मंगल बाजार में ग्रामीणों ने बैनर लेकर रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाते हुए प्रदर्शन किया।
बिस्कोहर-सिंगारजोत संपर्क मार्ग से फूलपुर राजा गांव की दूरी 600 मीटर है। आधी सड़क न बनी होने से ग्रामीणों को कहीं भी आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने डीएम व एसपी के नाम लिखित ज्ञापन चौकी इंचार्ज सूर्य प्रकाश सिंह को देते हुए कहा कि आजादी के 70 वर्षों बाद भी गांव की सड़क नहीं बनी। गांव में पेयजल की सुविधा नहीं है। इतना ही नहीं, गांव के रास्तों के किनारों पर नाली तक नहीं बनाई गई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने आगामी लोक सभा चुनाव से पहले रोड न बनने पर मतदान न करने का निणंय लिया है । इस मौके पर ग्राम प्रधान रजीउद्दीन, कौशल कुमार, मोती मिश्रा, महबूब आलम, नसीम खान, वजूद, राजू मिश्रा, गोपेश दूबे, कृष्णकुमार, शाह रिजवान, सरजू यादव, शाहिद खान, संजय पांडेय, लवकुश, मोहम्मद जमा, रामशंकर, सब्बू साहू, विकास तिवारी आदि मौजूद रहें ।
जल्द होगा सड़क का निर्माण: विधायक
इटवा। स्थानीय विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि सड़क के लिए जमीन उपलब्ध होने पर विधायक निधि से सड़क बनवाने की बात उन्होंने पहले ही कही थी। ग्रामीणों के प्रदर्शन की उन्हें जानकारी मिली है। मौके पर तहसीलदार, कानूनगो व लेखपाल को भेजकर सड़क की पैमाइश कराई जाएगी और जल्द ही उसका निर्माण शुरू हो जाएगा। नायब तहसीलदार अनिल कुमार पाठक ने कहा कि ग्रामीणों के आक्रोश सूचना मिली है। मौके पर राजस्वकर्मियों को भेजा गया है। ग्रामीणों की समस्या का समाधान किया जाएगा।