सिद्धार्थनगर। छठवें वेतनमान की वेतन विसंगतियों को दूर कर सातवें वेतनमान को लागू करने, स्थानीय निकाय कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों की भांति सुविधाएं देने सहित 28 सूत्री मांगों को लेकर कर्मचारी-शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट में नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम न्यायिक को सौंपा।
जिलाध्यक्ष रामकरन गुप्ता के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने शासन पर कर्मचारी हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा, प्रदेश इकाई के साथ सरकार ने बैठक भी की थी, बावजूद कर्मचारियों की मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया। विवश होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
संगठन के सदस्यों ने परिवहन निगम में वर्षों से कार्यरत संविदा चालकों-परिचालकों को संबंधित पद का न्यूनतम वेतन-भत्ते का भुगतान करने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती पर लगी रोक हटाने, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर 300 दिन का अवकाश नकदीकरण देने, सभी कार्यरत तदर्थ माध्यमिक शिक्षकों व प्रधानाचार्यों को विनियमित करने, पुरानी पेंशन नीति को लागू करने आदि मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में मोर्चा की जिला इकाई के संयोजक ओमप्रकाश पांडेय, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी, शिवाकांत पांडेय, वाईके द्विवेदी, आशा देवी, दुर्गा प्रसाद मिश्र, वाईपी यादव, गोविंद ओझा, उमेश पांडेय, राजीवकर पाठक, डीपी मिश्र, भूलन मिश्र, प्रेम कुमार, शंभूनाथ गुप्ता, संतोष श्रीवास्तव, बैजनाथ चौरसिया, ब्रह्मानंद यादव, बद्री चौधरी आदि कर्मचारी शामिल रहे।