बांसी। कोतवाली क्षेत्र के धानी मार्ग पर स्थित गोनहा ताल चौराहा सोमवार सुबह करंट की चपेट में आने से एक आशा वर्कर की मौत हो गई। हादसा नल में करंट उतरने से पानी भरते समय हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के गोनहा ताल चौराहे निवासी बेचना देवी (55) पत्नी उमाशंकर गुप्ता आशा वर्कर हैं। वह सपरिवार चौराहे पर स्थित अपने मकान में रहते हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह लगभग 7 बजे बेचना देवी नल से पानी निकालना शुरू की। उसी दौरान बिजली का मोटर चलने से नल में करंट उतर गया और बेचना देवी को तेज झटका लगा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अपनी मां को बचाने के लिए उसका पुत्र दौड़ा उसे भी झटका लगा पर वह बच गया। इसके बाद आपूर्ति बंद की गई। बेचना देवी की अचानक मौत की खबर से घर वाले सन्न रह गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पाते ही कोतवाल शैलेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रवि कांत मणि त्रिपाठी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव का पंचनामा कराने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है।
करंट से भैंस मरी, निगम पर लापरवाही का आरोप
डुमरियागंज। भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के राउतडीला गांव में सुबह बिजली के खंभे में करंट उतरने से उसकी चपेट में आई एक भैंस की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गांव निवासी मानिकराव अपनी भैंस को सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव के पश्चिम पोखरे में नहलाने ले जा रहे थे। गांव के दक्षिण सड़क के किनारे लगे ट्रांसफार्मर के पास करंट की चपेट में आ गई जिससे उसकी मौत हो गई। खंभे में बिजली उतरने की सूचना तरहर विद्युत सब स्टेशन को दी गई। तब बिजली सप्लाई बंद की गई। विद्युत निगम की इस लापरवाही के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में तरहर विद्युत सब स्टेशन के जेई राम अशीष ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। पता करवाते हैं। शिकायती पत्र देगा तो लापरवाही की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।