एसडीएम सदर व आबकारी निरीक्षक ने की शराब की दुकानों की जांच की।
- फोटो : amar ujala
सिद्धार्थनगर। बाराबंकी जिले में सरकारी ठेके की शराब पीने से मौत का मामला सामने के आने के बाद शासन का रुख सख्त हो गया है। शराब की दुकानों की जांच लगातार जारी है। रविवार को एसडीएम सदर व आबकारी निरीक्षक की संयुक्त टीम ने उसका, परसा, पकड़ी, सनई और धेंसा में शराब की दुकानों की जांच की। दुकानों में गंदगी मिलने और रजिस्टर में खामी पाए जाने पर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया।
एसडीएम सदर उमेश चंद निगम और आबकारी निरीक्षक सदर शिखर श्रीवास्तव की संयुक्त टीम ने शराब की दुकानों की चेकिंग की। टीम ने उसका बाजार के क्षेत्र महुआ पेट्रोलपंप के पास विदेशी मदिरा की दुकान की जांच की। रजिस्टर और स्टाक का मिलान किया। निर्धारित दर पर बिक्री करने का निर्देश दिया। इसके बाद पकड़ी बियर व विदेशी शराब की दुकान की जांच की। यहां दुकान में अभिलेख सही रखने की हिदायत दी। इसके बाद महदेव देसी शराब की दुकान पर पहुंचे। डेढ़ बजे दुकान बंद मिलने पर मालिक से संपर्क किया और दुकान बंद होने का कारण पूछा। मुनीम ने स्टाक न होने की बात कही। दुकान में मिले लैला ब्रांड शराब का ढक्कन ढीला मिलने पर मिलावट की आंशका के मद्देनजर दो शीशी शराब को जांच के लिए भेजा गया। वहीं, दुकान के आसपास गंदगी मिलने पर आबकारी निरीक्षक को जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद धेंसा स्थित दुकान की जांच की गई। सनई स्थित देशी, अंग्रेजी व बियर की दुकान की जांच की गई। गंदगी मिलने पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। दुकानदारों को हिदायत दी कि अगर भविष्य में इस प्रकार की खामियां मिलीं तो लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।