सिद्धार्थनगर। प्रदेश सरकार एक जनपद-एक उत्पाद योजना के तहत जिले में काला नमक धान की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को डेढ़ करोड़ रुपये तक ऋण उपलब्ध कराएगी। किसानों को लागत का 20 से 25 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। इसके तहत 18 वर्ष से अधिक आयु के किसान 31 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत 25 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर 25 प्रतिशत और इससे अधिक लागत की परियोजना पर 20 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। पचास से डेढ़ करोड़ रुपये तक की परियोजनाओं पर 10 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इसके तहत सामान्य श्रेणी के लाभार्थी को परियोजना की लागत का 10 प्रतिशत व अनुसूचित जाति अन्य श्रेणियों के लाभार्थियों को पांच प्रतिशत अंशदान जमा करना होगा। आवेदकों को निर्धारित प्रारूप पर आवश्यक अभिलेखों के साथ दो प्रतियों में आवेदन उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र पर जमा करना होगा। उपायुक्त उद्योग दयाशंकर सरोज ने बताया कि शासन की तरफ काला नमक धान के उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए किसानों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें शैक्षिक योग्यता की बाध्यता नहीं है।