सिद्धार्थनगर। जिले के इतिहास में पहली बार किसी मंदिर को सीसीटीवी से लैस किया गया है। जिला मुख्यालय स्थित श्री सिहेंश्वरी देवी मंदिर पर तीसरी आंख की निगरानी में लाया गया है। अब श्रद्धालुओं समेत मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों की गतिविधियों के बारे में पल-पल की जानकारी रखी जा सकती है।
जनपद मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध देवी मंदिर श्री सिहेंश्वरी मंदिर पर होने वाली सभी गतिविधियों को कैद किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की चहलकदमी समेत मंदिर से जुड़े व्यवस्थापकों की पल-पल की गतिविधियों की सच्चाई से रूबरू होने के लिए सीसीटीवी का इंतजाम किया गया है। मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर परिसर में 8 प्वाइंट पर कैमरे लगाए गए हैं। मंदिर के महंत त्रिवेणी दास वेदांती ने बताया कि मंदिर पर आए दिन हो रहे विवाद के बाद जनसहयोग से सीसीटीवी लगाए गए हैं। दरअसल, एक माह पूर्व सदर विधायक के भाई पर भी विवाद करने का आरोप लग चुका है। पुलिस हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ था। बताते चले कि जनपद में प्रसिद्ध देवी मंदिर पल्टा देवी मंदिर, योगमाया मंदिर समेत गालापुर, कठेला जैसे मंदिरों में भी अब तक कैमरे की व्यवस्था नहीं हो सकी है। जबकि इन मंदिरों में भी नवरात्र के दिनों में भारी भीड़ लगती है।