बाल श्रमिकों के चिहंकन के लिए चलेगा विशेष अभियान
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को भेजा पत्र
10 से 25 जून तक चलेगा अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। बाल श्रमिकों के हो रहे शोषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। मुख्य सचिव की ओर से सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर 10 से 25 जून तक सघन अभियान चलाकर जरूरी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
मुख्य सचिव डॉ. अनूप चन्द्र पांडेय की ओर से सभी जिलाधिकारियों को भेजे गए पत्र में बाल श्रमिकों के चिह्नांकन के लिए प्रत्येक तीमाही कम से कम एक सप्ताह का विशेष अभियान संचालित किए जाने के निर्देश दिया गया है। लिहाजा 10 जून से 25 जून तक बाल श्रमिकों के शोषण रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इस दौरान ऐसे सभी स्थलों, प्रतिष्ठानों को चिह्नांकित कर लिया जाए, जहां पर बाल श्रमिकों के नियोजन की पूर्ण संभावना हो, टास्क फोर्स, टीमों का गठन करते हुए उनको बालश्रम अधिनियमों व अभियान के संबंध में समस्त जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावी प्रवर्तन हो सके। प्रचार-प्रसार के माध्यम से बाल श्रम नियोजन के दुष्परिणामों से जन सामान्य को अवगत कराएं। अभियान को सफल बनाने के लिए श्रम विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों के अधिकारियों यथा उपजिला मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी बाल श्रम टीम में शामिल किए जाएं। श्रम प्रवर्तन अधिकारी लीलाधर ने बताया कि पत्र मिला है। इसके अनुपालन में जिलाधिकारी के निर्देशन पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है।