लापरवाह केंद्र प्रभारियों पर दर्ज कराएं मुकदमा
किसानों से संपर्क कर खरीदारी बढ़ाने का लक्ष्य
भ्रमण के लिए उपजिलाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। गेहूं क्रय केंद्र प्रभारियों की बैठक में खरीददारी में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी मिलने पर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन भ्रमण कर खरीद की हकीकत से रूबरू होने के लिए निर्देशित किया गया। शिकायत की पुष्टि होने पर संबंधित प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की भी हिदायत दी है।
कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी कुणाल सिल्कू ने जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को निर्देश दिया कि गेहूं की खरीददारी में कोई भी गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं से शिकायत मिलती है तो संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारी को निर्देश दिया कि लेखपालों की ड्यूटी लगाकर प्रतिदिन केंद्र की स्थिति की जांच कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। समस्त केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्र के किसानों से संपर्क कर खरीददारी लक्ष्य के सापेक्ष बढ़ाया जाए। अपर जिलाधिकारी सीताराम गुप्ता समेत उपजिलाधिकारी नौगढ़ उमेश चन्द्र निगम, उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ अनिल कुमार, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजय पांडेय, तहसीलदार बांसी वीरेन्द्र कुमार के अलावा सभी केंद्र प्रभारियों की उपस्थिति थी।