बर्डपुर में एनएच 233 पर बैठकर विरोध जताते स्थ्ाानीय लोग व व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर/बर्डपुर। एनएच-233 की बदहाली से हलकान हो रही जनता के सब्र का बांध मंगलवार को टूट गया। बर्डपुर कस्बे के व्यापारियों व भारी संख्या में स्थनीय लोगों ने मुख्य चौराहे पर विरोध-प्रदर्शन किया।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजकमल जायसवाल की अगुवाई में कहा कि सड़क की दुर्दशा के चलते हर रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं। बरसात के समय में लोगों का चलना दूभर हो गया है। इसके बावजूद भी सांसद, क्षेत्रीय विधायक व अधिकारी आंख बंद किए हुए हैं। बर्डपुर कस्बा सहित ककरहवा से लेकर रुधौली तक की सड़क खराब होने से व्यापार बाधित हो रहा है। बच्चे स्कूल जाने से डरते हैं। अगर दो दिन के अंदर कस्बे की सड़क का गड्ढा नहीं भरा गया तो सभी व्यापारी, क्षेत्र के लोगों के साथ दुकानें बंद कर सड़क जाम करने को विवश होंगे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य रामसागर चौधरी, अभिनव पांडेय, गणेश जायसवाल, संजय चौधरी, लालजी जायसवाल, दिनेश यादव, फूलचंद जायसवाल, हरिनारायण चौरसिया, श्रवण मोदनवाल, लालचंद, हीरालाल, सोनू, विनय चौधरी, अभय कुमार, सीताराम गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।
लापरवाही ले सकती है जान ः सिद्धार्थनगर। एनएच-233 पर अगर आप यात्रा कर रहे हैं तो आप को संभलकर चलना होगा। जरा सी लापरवाही आप को मौत के मुहाने पर ले सकती है। स्थिति ऐसी है कि आए दिन कोई न कोई हादसे का शिकार हो रहा है। इसके बाद भी एनएच के गड्ढे भरे नहीं जा रहे है। सबसे खराब स्थिति तो बर्डपुर, ककरहवा, पुरानी नौगढ़ व जोगिया की है। जोगिया से ककरही पुल की दूरी करीब चार किलोमीटर है। लेकिन चार किलोमीटर की यात्रा करने में एक घंटे लग जाते है। उस पर भी आए दिन चार पहिया गड्ढों में फंसती है और दोपहिया वाहन चोटिल होते है। इसके बावजूद अब तक एनएच को गड्ढा मुक्त नहीं किया जा सका है। जबकि सरकार बड़े जोर-शोर से गड्ढा मुक्त करने की बात कहती है।