जोगिया क्षेत्र के करौंदा मसिना में क्रय केंद्र का निरीक्षण करते कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर।समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने बुधवार को जिले के करौंदा मसिना में स्थापित गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। खरीद में सुस्ती पर बिफरे मंत्री ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों से जवाब-तलब किया। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री रमापति शास्त्री एक कार्यक्रम में शामिल होने यहां आए थे। इस दौरान उन्हें गेहूं खरीद में गड़बड़ी की शिकायत मिली। वापस लौटते समय जोगिया के करौंदा मसिना में स्थापित गेहूं क्रय केंद्र पर रुक गए। यहां सबसे पहले उन्होंने खरीद रजिस्टर का अवलोकन किया। इसमें खाते में 10 लाख रुपये व 10 गांठ बोरा मिला हुआ दर्शाया गया था। बावजूद आठ दिनों में महज 46 क्विंटल गेहूं खरीदे जाने पर कारण पूछा। सही जवाब न देने पर केंद्र प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई। डीएम से तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मंत्री ने कहा कि गेहूं खरीद सरकार की प्राथमिकता में है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले के सभी क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया जाए और जहां भी लापरवाही सामने आए कार्रवाई की जाए।निरीक्षण के दौरान सांसद जगदंबिका पाल, डीएम कुणाल सिल्कू, सीडीओ अनिल कुमार मिश्र, तहसीलदार संतोष कुमार ओझा, सीओ सदर दिलीप कुमार सिंह, जोगिया ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कौशलेंद्र त्रिपाठी, जिला विपणन अधिकारी एसके पांडेय आदि मौजूद रहे।