फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीपीएस से रुकेगी अनाज की कालाबाजारी

विज्ञापन
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। दुकान तक पहुंचने से पहले ही खाद्यान्न को खुले बाजार में पहुंचाने वाले कालाबाजारियों की अब खैर नहीं। आपूर्ति विभाग अब खाद्यान्न वितरण व्यवस्था पर निगरानी चौकस करने जा रहा है। इसके लिए जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) की मदद ली जा रही है। वाहन से खाद्यान्न ढुलाई की ट्रैकिंग के लिए प्रत्येक दुकान का अक्षांश और देशांतर के आधार पर सटीक लोकेशन चिह्नित किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस नई व्यवस्था से खाद्यान्न की कालाबाजारी पर रोक लगेगी। इसे अगले माह से लागू करने की तैयारी है।
विज्ञापन

गरीबों में वितरण के लिए आने वाले खाद्यान्न की कालाबाजारी रोकना हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है। बिचौलिए गोदाम से निकलने वाले खाद्यान्न को दुकान तक पहुंचने से पहले ही बाजार में पहुंचा देते हैं। गांव में खाद्यान्न न आने की दलील देकर कोटेदार कार्डधारकों को लौटा देता है। कालाबाजारी की लगातार बढ़ती शिकायतों को देखते हुए शासन ने अब जीपीएस के जरिए मॉनिटरिंग की तैयारी की है। एफसीआई के गोदाम से जिले में विपणन विभाग के गोदाम तक माल आने के साथ ही यह सिस्टम काम करना शुरू कर देगा। खाद्यान्न से लदा वाहन कब-कहां और किस ओर जा रहा है, इसकी पल-पल की लोकेशन मुख्यालय पर बनने वाले कंट्रोल रूम के जरिए देख सकेंगे। यह सिस्टम दुकान पर खाद्यान्न पहुंचने, उतरने और वितरण की भी सूचना से उच्चाधिकारियों को अपडेट करता रहेगा।
जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी का कहना है कि शासन के निर्देशानुसार इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिले में मौजूद कुल 1266 दुकानों का अक्षांश, देशांतर के साथ सटीक लोकेशन लेकर फीड किया जा रहा है। इसके जरिए गोदाम से दुकान और वितरण तक की मॉनिटरिंग होगी। पूरे प्रदेश में इसे एक साथ लागू किया जाना है। प्रक्रिया चल रही है। अगले माह से प्रभावी किया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें