हाईवे की बदहाली पर मुखर हुए लोग
सिद्धार्थनगर। आधे-अधूरे हाईवे पर जोखिम भरे सफर से आजिज लोग लामबंद हो गए हैं। अमर उजाला की मुहिम से जुड़ते हुए विभिन्न वर्गों ने मंगलवार को अलग-अलग ज्ञापन सौंपा। प्रशासन के अलावा विधायक, सांसद और प्रभारी मंत्री को पत्र देकर हाईवे की बदहाली से अवगत कराया। व्यापारियों ने जानलेवा गड्ढों को भरने के लिए 27 जून तक की मोहलत देते हुए कहा है कि अगर सड़क की हालत नहीं सुधरी तो 28 को पुरानी नौगढ़ में व्यापारी चक्काजाम करेंगे। भाजपा के नगर अध्यक्ष ने भी हाईवे की बदहाली पर रोष जताते हुए सरकार को पत्र भेजा है।
जिले से गुजरे नेशनल हाईवे-233 और 730 की हालत बेहद खराब है। तीन वर्ष पहले निर्माण शुरू होने के बावजूद सड़क अब तक अधूरी है। जानलेवा गड्ढों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। संकेतक, ब्लिंकर न होने से भी लोग दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। हाईवे की बदहाली पर लगातार खबर प्रकाशित होने के बाद जिले के लोग मुखर हो गए हैं। मंगलवार को वार्ड नंबर 25 सरजूनगर व पुरानी नौगढ़ के लोगों ने एडीएम को ज्ञापन देकर आधे-अधूरे हाईवे के कारण हो रहे हादसों का जिक्र करते हुए जल्द निर्माण की मांग की। लोगों का कहना था कि पुरानी नौगढ़ के पास हाईवे के गड्ढे काफी खतरनाक हो चुके हैं। बारिश का पानी भरने के बाद स्थिति जानलेवा हो गई है। अगर शीघ्र गड्ढे नहीं भरे गए तो बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता। एडीएम बाबूराम ने एनएचआई के परियोजना प्रबंधक को शीघ्र गड्ढे भरने के लिए निर्देशित किया। देर शाम नागरिकों ने सदर विधायक श्यामधनी राही, सांसद जगदंबिका पाल को भी ज्ञापन सौंपा। प्रभारी मंत्री चेतन चौहान को भी ज्ञापन प्रेषित कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन देने वालों में श्यामबिहारी जायसवाल, शक्ति जायसवाल आदि शामिल रहे।
27 तक गड्ढे न भरे तो करेंगे चक्काजाम
ककरहवा-रुधौली एनएच अंतर्गत नौगढ़-लुंबिनी के बीच जानलेवा गड्ढे न भरे जाने से क्षुब्ध व्यापारियों ने तहसील दिवस में एसडीएम को ज्ञापन दिया। उनका कहना था कि बुद्ध सर्किट होने के चलते इस मार्ग पर रोजाना हजारों वाहनों का आवागमन होता है। बावजूद सड़क की बदहाली दूर नहीं हो रही है। यह आफत का हाईवे बन चुका है। पुरानी नौगढ़ के पास कई जानलेवा गड्ढे हो गए हैं। इनमें पानी भरने के बाद स्थिति भयावह हो गई है। अभी एक-दो बरसात में ही यह हाल है। गड्ढे नहीं भरे गए तो स्थिति और भी बदतर होगी। एनएच, पीडब्लूडी और नगर पालिका एक-दूसरे का सड़क बताकर पल्ला झाड़ते रहे हैं। चेतावनी दी कि 27 जून तक पुरानी नौगढ़ क्षेत्र की सड़क दुरुस्त नहीं की गई तो 28 को हाईवे पर चक्काजाम किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में सराफा कल्याण एसोसिएशन के संरक्षक कन्हैया लाल वर्मा, प्रशांत श्रीवास्तव, गोविंद कुमार, घनश्याम उपाध्याय, सेबू, मुंशी सईद, रहमान, दीनानाथ अग्रहरि, प्रदीप अग्रहरि आदि मौजूद रहे।
भाजपा नगर अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों पर साधा निधाना
हाईवे की बदहाली को लेकर सत्ताधारी दल के लोगों ने भी मोर्चा खोल दिया है। पार्टी कझ्े नगर अध्यक्ष श्याम सुंदर मित्तल ने सरकार को पत्र लिखकर हाईवे की शीघ्र मरम्मत व निर्माण पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आड़े हाथों लिया है। पत्र में कहा है कि प्रदेश सरकार ने 15 जून तक सभी गड्ढे भरने का वादा किया था, लेकिन यहां सड़क के गड्ढे जस के तस हैं। कई जगह पहले से भी जानलेवा हो गए हैं। अगर खजाना खाली था तो सरकार ने 15 जून तक का वादा क्यों किया था। उन्होंने कहा कि जिले की जनता दुखी हो रही है। हादसों में जान जा रही है, मगर सांसद, विधायक मौन हैं। जनता की ज्वलंत समस्या पर किसी का मुंह न खोलना दुखद है।